शुक्रवार, 6 जून 2008

ये तो भारत पर सांस्कृतिक हमला है

आईपीएल- आईपीएल, 20-20खत्म हो गया। मुझसे किसी ने पूछा तो क्या चीयर्स लीडर्स भी वापस चली गई होंगी। मैं हंसा। क्योंकि मैने अभी भी उन्हें कई पेज थ्री पार्टियों में देखा था। कई खिलाड़ियों के साथ। आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी खुश हो सकते हैं कि उन्होंने कुछ गजब किया है।

लेकिन भाई ये आपने ठीक नहीं किया। मैदान पर अधनंगी लड़कियां क्यों नचवा दी। ऐसे कपड़े पहन कर मैदान में उतरी कि हल्ला मच गया।

अधनंगी लड़कियां मैदान पर जमकर अपसंस्कृति परोस रही थी। क्या भारत पर ये एक और सांस्कृतिक हमला है। मीडिया ने भी इसमें खूब मदद की। देशी-विदेशी दोनों मीडिया ने। विदेशी को तो फर्क नहीं पड़ता। लेकिन देशी मीडिया के लिए तो ये जबरदस्त मसाला था।

खेल के साथ नंगेपन का तड़का। किसी देश को पथभ्रष्ट करना है तो उसकी संस्कृति को खत्म कर दो। पश्चिमी चिंतक ऐसा सोचते हैं। पश्चिमी शासक ऐसा करते हैं। इसिलिए वो अपने जैसी सोच वालों को बढ़ावा देते हैं। भारत अब तक अटल रहा क्योंकि उसके पैर मजबूती से सांस्कृतिक विरासत की नींव पर खड़े रहे। लेकिन पश्चिम के साथ ही देश का पश्चिम परस्त नए रइसों या नए राजा इस नींव को दरकाने में पूरी तरह से लगे हुए हैं। इसी का नतीजा है क्रिकेट के मैदान पर चीयर लीडर्स की अश्लील और भोंडी हरकतें।

मनचले दर्शकों ने इनके बड़े मजे लिए। वो इनकी अश्लील हरकतों को देखकर फब्तियां कसते थे। स्टेडियम में आई संभ्रांत महिलाएं और लड़कियां शर्मसार होती रही। तो क्या पश्चिम परस्त लोग ऐसे पूरी करेंगे अपनी मंशा।

खेल अपने आप में मनोरंजक है। क्रिकेट की तो इस देश में पूजा होती है। ये दीवानगी है। धर्म है। यही वजह है कि वन डे मैच में स्टेडियम खचाखच भरा रहता है। २०-२० ने तो वन डे से ज्यादा लोकप्रियता बटोरी है। दर्शक मनोरंजन और रोमांच से सराबोर हो जाते हैं। फिर दर्शकों को क्रिकेट के अलावा इस तरह के सस्ते, अश्लील और भोंडे मनोरंजन की जरुरत क्यों? इससे तो खेल के प्रति दर्शकों की तल्लीनता खत्म होगी। खेल कम उनका ध्यान चीयर लीडर्स की तरफ ज्यादा रहता है।

मोदी जी मैदान में सिर्फ खेल होना चाहिए। नंगापन नहीं। इस भोंडेपन से खेल की गरिमा घटती है। खिलाड़ियों का ध्यान बंटता है। देश में अपसंस्कृति को बढ़ावा तो मिलता ही है। इस बार तो कर दिया।

लेकिन अगली बार ऐसा मत करिएगा। गुजारिश है आपसे। आप भी इसी देश के हैं। पवार साहब आप भी गौर फरमाइयेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: